झारखंड: धनबाद में कलयुगी बेटे ने दोस्तों संग मिलकर रेत डाला पिता का गला, 12 घंटे में खुलासा

धनबाद जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ महुदा थाना क्षेत्र के कुलटांड मुख्य सड़क के किनारे झाड़ियों में 65 वर्षीय बुजुर्ग शेख हलीम का गला कटा हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के आगे अपराधी ज्यादा देर टिक नहीं सके। महुदा पुलिस और एसआईटी (SIT) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है।

झारखंड: धनबाद में कलयुगी बेटे ने दोस्तों संग मिलकर रेत डाला पिता का गला, 12 घंटे में खुलासा

धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ महुदा थाना क्षेत्र के कुलटांड मुख्य सड़क के किनारे झाड़ियों में 65 वर्षीय बुजुर्ग शेख हलीम का गला कटा हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के आगे अपराधी ज्यादा देर टिक नहीं सके। महुदा पुलिस और एसआईटी (SIT) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है। बाघमारा के डीएसपी अजीत कुमार बिमल ने महुदा थाने में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा किया।

संपत्ति से बेदखल करने की धमकी बनी हत्या की वजह

डीएसपी अजीत कुमार बिमल के मुताबिक, मृतक शेख हलीम को अपने बेटे से शिकायत थी कि वह उनकी ठीक से देखभाल नहीं करता है। इसी बात से तंग आकर शेख हलीम ने कई बार अपने बेटे को संपत्ति से बेदखल करने की बात कही थी। पिता की यही बात बेटे को इतनी नागवार गुजरी कि उसने अपने ही पिता की मौत की खौफनाक साजिश रच डाली। आरोपी बेटे ने अपने दोस्तों और एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर शनिवार को अपने बुजुर्ग पिता की बेरहमी से गला रेतकर हत्या करवा दी।

पुलिस को मिले अहम सबूत, मुख्य आरोपी गिरफ्तार 

शनिवार को पुलिस को कुलटांड मुख्य सड़क के पास झाड़ियों में एक बुजुर्ग का शव मिलने की सूचना मिली थी, जिसकी पहचान भूरूंगिया निवासी शेख हलीम के रूप में हुई। पुलिस ने घटनास्थल से मुख्य आरोपी बेटे शेख शहजाद की खून लगी टी-शर्ट बरामद की है, जो उसके खिलाफ सबसे बड़ा सबूत है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (नंबर: JH 10 CL 7623) को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और इस हत्याकांड में शामिल उसके फरार दोस्तों व अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी अपराधी भी सलाखों के पीछे होंगे।