छात्राओं की जेब पर डाका! केडी उच्चतर विद्यालय के प्रधान शिक्षक पर सख्त कार्रवाई तय!
कसबा प्रखंड के इकलौते केडी उच्चतर कन्या माध्यमिक विद्यालय में मैट्रिक और इंटर का परीक्षा फॉर्म भरने के नाम पर छात्राओं से अवैध वसूली का गंदा खेल धड़ल्ले से चल रहा था। गरीब छात्राओं से तय शुल्क से ज्यादा पैसे ऐंठने वाले स्कूल प्रधान का यह कारनामा अब उजागर हो चुका है
कसबा:कसबा प्रखंड के इकलौते केडी उच्चतर कन्या माध्यमिक विद्यालय में मैट्रिक और इंटर का परीक्षा फॉर्म भरने के नाम पर छात्राओं से अवैध वसूली का गंदा खेल धड़ल्ले से चल रहा था। गरीब छात्राओं से तय शुल्क से ज्यादा पैसे ऐंठने वाले स्कूल प्रधान का यह कारनामा अब उजागर हो चुका है और उस पर कड़ी कार्रवाई का गाज गिरना बिल्कुल तय है!
जांच में उधडफर्जीवाड़े की परतें
विभिन्न समाचार पत्रों, न्यूज पोर्टल, सोशल मीडिया पर पर खबर छपने के बाद जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच का हुक्म ठोंका। डीएम के निर्देश पर DPO (मध्याह्न भोजन) देवोश्री राय और कसबा के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी दल-बल के साथ विद्यालय पहुंचे और पूरे फर्जीवाड़े की परतें उधेड़ दीं।
सच साबित हुआ आरोप, कार्रवाई तय
जांच के दौरान कई छात्राओं ने सीधे अधिकारियों के सामने आकर अपना दर्द बयां किया और सबूतों के साथ लिखित शिकायत दर्ज कराई कि परीक्षा फॉर्म भरने के नाम पर उनसे जबरन अतिरिक्त रकम वसूली गई है। DPO देवोश्री राय ने साफ कहा कि छात्राओं से अवैध वसूली की बात जांच में पूरी तरह साबित हो चुकी है और इसकी विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी गई है।
छात्राओं का हक मारने वाले और शिक्षा के मंदिर को लूट का अड्डा बनाने वाले ऐसे भ्रष्ट तंत्र के खिलाफ अब ज़िला प्रशासन का चाबुक चलना तय है!