रिश्तों का कत्ल: पूर्णिया में सगी मौसी ने भांजी को गुजरात में बेचा, पुलिस ने दो महिला तस्करों को दबोचा

पूर्णिया के मीरगंज थाना क्षेत्र में मानव तस्करी और धोखे का एक बेहद गंभीर मामला प्रकाश में आया है। एक महिला ने अपनी ही सगी मौसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप के मुताबिक, पीड़िता को बहला-फुसलाकर पहले गुजरात ले जाया गया और फिर वहां दो लाख रुपये में उसका सौदा कर जबरन दूसरी शादी करा दी गई।

रिश्तों का कत्ल: पूर्णिया में सगी मौसी ने भांजी को गुजरात में बेचा, पुलिस ने दो महिला तस्करों को दबोचा

पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया के मीरगंज थाना क्षेत्र में मानव तस्करी और धोखे का एक बेहद गंभीर मामला प्रकाश में आया है। एक महिला ने अपनी ही सगी मौसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप के मुताबिक, पीड़िता को बहला-फुसलाकर पहले गुजरात ले जाया गया और फिर वहां दो लाख रुपये में उसका सौदा कर जबरन दूसरी शादी करा दी गई। इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी मौसी सुलेखा देवी और उसकी गोतनी किरण देवी को सलाखों के पीछे भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

गुजरात घुमाने का दिया लालच
पुलिस को दिए आवेदन में दो बच्चों की मां (पीड़िता) ने बताया कि वह अपने पति और बच्चों के साथ खुशी-खुशी रह रही थी। करीब दो महीने पहले वह अपनी मौसी सुलेखा देवी के घर एक बच्चे के छठी के कार्यक्रम में शामिल होने आई थी और कुछ दिनों के लिए वहीं रुक गई थी। इसी दौरान गत 31 मई को मौसी सुलेखा देवी, उसकी गोतनी किरण देवी, मीना देवी उर्फ वीणा देवी और उनके एक परिचित मुकेश ने उसे गुजरात घूमने का लालच दिया।
गुजरात पहुंचते ही जबरन करा दी शादी
पीड़िता के अनुसार, जैसे ही वे लोग गुजरात पहुंचे, वहां पहले से मौजूद रमेश नामक व्यक्ति के साथ उसकी जबरन शादी कराने की कोशिश की जाने लगी। इस दौरान वहां संजय नामक एक और शख्स मौजूद था, जो मीना देवी का परिचित था। पीड़िता ने इस शादी का पुरजोर विरोध किया और अपने पति-बच्चों का हवाला दिया, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक न सुनी और जबरन उसकी शादी रमेश से करा दी। शादी के बाद जब पीड़िता ने रोना-धोना शुरू किया, तो कथित दूसरे पति रमेश ने जो खुलासा किया, उससे महिला के पैरों तले जमीन खिसक गई। रमेश ने बताया कि उसकी मौसी सुलेखा देवी, किरण देवी, मीना, मुकेश और संजय ने मिलकर उसे दो लाख रुपये में खरीदा है, इसलिए अब उसे यहीं रहना होगा।
पीड़िता ने ली सुझबुझ से काम
इसके बाद पीड़िता ने सूझबूझ दिखाई और किसी तरह रमेश के सो जाने के बाद उसके मोबाइल से अपनी मां और परिजनों को इस पूरी आपबीती की जानकारी दी। हंगामा बढ़ता देख रमेश ने घबराकर संजय नाम के आरोपी के साथ महिला को वापस बिहार के लिए ट्रेन से भेज दिया। कटिहार जंक्शन पहुंचते ही संजय वहां से भाग निकला, जिसके बाद पीड़िता सीधे मीरगंज थाने पहुंची और पुलिस को पूरी कहानी बताई।