ममता का कत्ल: जिस मां की गोद में महफूज था मासूम, उसी ने ली जान; एक महीने के बच्चे को पटक-पटककर मारा

बिहार के पूर्णिया से इंसानियत और मां की ममता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिस मां के आंचल को बच्चे की सबसे सुरक्षित पनाहगाह माना जाता है, उसी पर अपने एक महीने के जिगर के टुकड़े की बेरहमी से हत्या करने का संगीन आरोप लगा है।

ममता का कत्ल: जिस मां की गोद में महफूज था मासूम, उसी ने ली जान; एक महीने के बच्चे को पटक-पटककर मारा

पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया से इंसानियत और मां की ममता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिस मां के आंचल को बच्चे की सबसे सुरक्षित पनाहगाह माना जाता है, उसी पर अपने एक महीने के जिगर के टुकड़े की बेरहमी से हत्या करने का संगीन आरोप लगा है। महिला ने कथित तौर पर अपने मासूम बच्चे को जमीन पर पटक-पटककर मौत के घाट उतार दिया और फिर साक्ष्य मिटाने के लिए उसकी लाश को धान के खेत में फेंक दिया।
वारदात की पूरी कहानी
यह दिल दहला देने वाली घटना पूर्णिया जिले के अमौर थाना क्षेत्र स्थित भवानीपुर पंचायत के ईदगाह टोला गेरूआ गांव की है ।मृतक बच्चे के पिता अशरफ अंसारी के मुताबिक, मंगलवार शाम उनकी पत्नी ने अचानक अपना आपा खो दिया और एक महीने के बेटे आशिक अंसारी को क्रूरता से जमीन पर दे मारा। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मासूम ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। इसके बाद महिला ने बच्चे के शव को घर के पास मौजूद धान के खेत में छिपा दिया।
परिजनों का दावा: मानसिक रूप से बीमार है महिला
घटना के बाद मासूम के पिता और ग्रामीणों ने महिला की मानसिक स्थिति पर सवाल उठाए हैं। अशरफ अंसारी ने बताया कि मंगलवार सुबह भी उनकी पत्नी का दिमागी संतुलन बिगड़ गया था। उसने पति पर हमला कर उनके हाथ पर बुरी तरह दांत से काट लिया था। पहले भी कर चुकी है हिंसक हरकतें: परिजनों का कहना है कि महिला लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ (विक्षिप्त) है और इससे पहले भी कई बार परिवार के सदस्यों पर हमला कर चुकी है।
खेत से मिला मासूम का बेजान शरीर
बच्चे के अचानक गायब होने पर परिजनों ने बदहवास होकर उसकी खोजबीन शुरू की। काफी मशक्कत के बाद घर के पास वाले धान के खेत से मासूम का शव बरामद हुआ। शव देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। महिला का हिंसक रूप देखकर और वह किसी और को नुकसान न पहुंचाए, इस डर से ग्रामीणों ने उसे काबू में किया और रस्सी से बांधकर एक जगह बैठाया।
पुलिस जांच और गांव में पसरा मातम
घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया और माहौल गमगीन हो गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तरफ से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी और डॉक्टरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है।