भागलपुर में बाढ़ का कहर: गहरे पानी में बह गए 5 लोग, एक ही परिवार की मां समेत 3 बच्चों और पड़ोसी युवती की मौत
खुटहा पंचायत के साह टोला के पास बाढ़ के गहरे पानी की चपेट में आने से पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार की मां और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं, जबकि पांचवीं मृतका पड़ोस की एक किशोरी थी।
भागलपुर: जिले में उफनाई गंगा और उसकी सहायक नदियों का पानी अब जानलेवा साबित हो रहा है। खुटहा पंचायत के साह टोला के पास बाढ़ के गहरे पानी की चपेट में आने से पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार की मां और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं, जबकि पांचवीं मृतका पड़ोस की एक किशोरी थी। एक ही टोले से पांच शव निकलने से पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
सड़क पर फिसलने से हुआ भयावह हादसा
यह हृदयविदारक घटना उस वक्त घटी जब सभी लोग जलमग्न सड़क से होकर गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से एक-एक कर सभी गहरे नाले की ओर चले गए और सैलाब के तेज बहाव में समा गए।
मृतकों की पहचान:
मंचो देवी (35 वर्ष): पति मुकेश साह
सोनाक्षी कुमारी (13 वर्ष): पुत्री
अभिषेक कुमार (9 वर्ष): पुत्र
अक्षय कुमार (8 वर्ष): पुत्र
अंशु प्रिया (16 वर्ष): पड़ोसी महिला होमगार्ड लुखो देवी की पुत्री
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय गोताखोर तुरंत हरकत में आए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद सभी को गहरे पानी से बाहर निकाला और इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) के इमरजेंसी वार्ड ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद पांचों को मृत घोषित कर दिया।
मुआवजे और सरकारी राहत की मांग
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया देवेंद्र कुमार अस्पताल पहुंचे और परिजनों को ढाढ़स बंधाया। उन्होंने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए जिला प्रशासन और राज्य आपदा प्रबंधन विभाग से पीड़ित परिवारों को आपदा राहत नियमावली के तहत अविलंब अनुग्रह राशि और अंत्येष्टि सहायता देने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।