पूर्णिया में जमीन से दिखी शिवलिंग जैसी आकृति, खबर फैलते ही उमड़ी भीड़; गांव में पूजा-पाठ शुरू
पूर्णिया जिले के बड़हरा कोठी प्रखंड की रूस्तमपुर पंचायत के वार्ड नंबर-1 स्थित विरंचिया स्थाल टोला में उस वक्त लोगों की भीड़ जुट गई, जब जमीन के अंदर से शिवलिंग जैसी आकृति दिखाई देने की खबर इलाके में तेजी से फैल गई।
पूर्णिया/बड़हरा कोठी। पूर्णिया जिले के बड़हरा कोठी प्रखंड की रूस्तमपुर पंचायत के वार्ड नंबर-1 स्थित विरंचिया स्थाल टोला में उस वक्त लोगों की भीड़ जुट गई, जब जमीन के अंदर से शिवलिंग जैसी आकृति दिखाई देने की खबर इलाके में तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही आसपास के टोला-मोहल्लों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। देखते ही देखते स्थल पर धार्मिक उत्साह का माहौल बन गया और लोगों ने पूजा-पाठ शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, छह वर्षीय सूरज सोरेन, पिता अमीन सोरेन, बकरी चराने के लिए गया था। इसी दौरान मिट्टी खोदते समय उसे जमीन के अंदर एक आकृति दिखाई दी, जो देखने में शिवलिंग जैसी प्रतीत हुई। बच्चे ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थल पर गड्ढा खोदकर आकृति को देखने लगे।
खबर फैलते ही बढ़ती गई भीड़
जमीन से शिवलिंग जैसी आकृति दिखाई देने की खबर फैलते ही विरंचिया स्थाल टोला में लोगों की आवाजाही बढ़ गई। युवा, महिलाएं और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचकर आकृति को देखने लगे। कुछ लोगों ने वहां पूजा-अर्चना भी शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि, जमीन के अंदर दिखाई दे रही आकृति वास्तव में क्या है, इसकी आधिकारिक या वैज्ञानिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने के बाद तमय देवी, लुशी मंडी, सुशीला देवी, दिलखुश कुमार, समाजसेवी त्रिभुवन कुमार, ज्योतिष यादव, मदन यादव, जिला पार्षद रमण यादव और पूर्व मुखिया विवेक कुमार उर्फ ललटू यादव समेत सैकड़ों ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।
फिलहाल पूर्णिया के बड़हरा कोठी में जमीन से शिवलिंग जैसी आकृति मिलने की खबर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीण लगातार स्थल पर पहुंच रहे हैं और आगे की स्थिति को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।