पूर्णिया: कसबा प्रखंड कार्यालय के सभागार में आयोजित प्रखंड बीस सूत्री कार्यान्वयन समिति की बैठक इस बार अधिकारियों के लिए किसी 'परीक्षा' से कम नहीं रही। प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कसबा विधायक नितेश कुमार सिंह का कड़ा रुख देखने को मिला।
जनसमस्याओं और विकास योजनाओं पर चर्चा के दौरान विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में हिदायत दी—"हवा-हवाई दावों से काम नहीं चलेगा। बैठक में आने से पहले पूरा होमवर्क करके आएं, ताकि जनप्रतिनिधियों के सवालों का सटीक और जमीनी जवाब मिल सके।" उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं में अब तक क्या काम हुआ है, क्या चल रहा है और आगे क्या होने वाला है, इसकी पारदर्शी जानकारी आम जनता और जनप्रतिनिधियों तक हर हाल में पहुंचनी चाहिए।
जनसमस्याओं पर घेराबंदी
बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कल्याण, पंचायती राज, शिक्षा, पेयजल, जलजमाव, नल-जल योजना, प्रधानमंत्री आवास, बिजली आपूर्ति और किसानों के लिए खाद की उपलब्धता जैसे अहम मुद्दों पर अधिकारियों को घेरा गया और त्वरित समाधान की मांग की गई।
अधिकारियों को निर्देश और उपस्थिति
बीडीओ मधु कुमारी ने बैठक के दौरान सभी विभागीय अधिकारियों को ताकीद की कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मामलों को प्राथमिकता पर हल किया जाए और विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में बीस सूत्री जिलाध्यक्ष प्रशांत कुमार झा, बीडीओ मधु कुमारी, सीओ निशांत कुमार, थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन, पंचायती राज पदाधिकारी दीपक कुमार, बीसीओ सह डीईओ उदय कुमार राही, बीएओ विजय कुमार, बीएसओ, हसमत राही सहित सभी विभागों के अधिकारी और समिति सदस्य उपस्थित रहे।