किशनगंज: 4 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ 12 वर्षीय नाबालिग ने की दरिंदगी, आरोपी हिरासत में
बिहार के किशनगंज सदर थाना क्षेत्र में एक चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। घटना रविवार की है, जब बच्ची अपने घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस का ही एक 12 वर्षीय नाबालिग लड़का वहां पहुंचा और बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर बहला-फुसलाकर अपने घर के एक एकांत कमरे में ले गया, जहां उसने इस अमानवीय घटना को अंजाम दिया
बिहार के किशनगंज सदर थाना क्षेत्र में एक चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। घटना रविवार की है, जब बच्ची अपने घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस का ही एक 12 वर्षीय नाबालिग लड़का वहां पहुंचा और बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर बहला-फुसलाकर अपने घर के एक एकांत कमरे में ले गया, जहां उसने इस अमानवीय घटना को अंजाम दिया।
घटना के बाद आरोपी बच्ची को घर के पास छोड़कर फरार हो गया। बदहवास और सहमी हुई बच्ची रोते-बिलखते अपने घर पहुंची। उसकी हालत देखकर जब मां ने पूछताछ की, तो बच्ची ने फूट-फूट कर रोते हुए पूरी आपबीती सुनाई। घटना की जानकारी मिलते ही बाहर काम कर रहे बच्ची के पिता तुरंत घर पहुंचे और आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले आए, जहां वर्तमान में उसका उपचार जारी है।
मामले की सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़ित बच्ची व उसके परिजनों से बातचीत कर बयान दर्ज किए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग लड़के को निरुद्ध (हिरासत में) कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन छानबीन और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।