जंतर-मंतर लाठीचार्ज मामला: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर पूर्णिया में सड़कों पर उतरे छात्र और भीम आर्मी, पुलिस बल तैनात
दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों और कार्यकर्ताओं पर हुए कथित लाठीचार्ज की गूंज अब सीमांचल तक पहुंच गई है। इस घटना के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को पूर्णिया में आजाद समाज पार्टी, भीम आर्मी और कई छात्र संगठनों के बैनर तले एक विशाल पैदल मार्च निकाला गया।
पूर्णिया: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों और कार्यकर्ताओं पर हुए कथित लाठीचार्ज की गूंज अब सीमांचल तक पहुंच गई है। इस घटना के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को पूर्णिया में आजाद समाज पार्टी, भीम आर्मी और कई छात्र संगठनों के बैनर तले एक विशाल पैदल मार्च निकाला गया।
इंदिरा गांधी स्टेडियम में जुटे सैकड़ों युवा
मार्च की शुरुआत से पहले शहर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्र हुए। हाथों में तख्तियां और बैनर थामे प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
"लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बर्दाश्त नहीं"
प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को रख रहे युवाओं और छात्रों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। प्रदर्शनकारियों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
कड़े सुरक्षा घेरे में निकला मार्च
शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्णिया पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। इंदिरा गांधी स्टेडियम से लेकर तय रूट पर जगह-जगह भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद सदर डीएसपी ने संभाली और पुलिस बल के साथ पूरे मार्ग पर फ्लैग मार्च जैसी निगरानी बनाए रखी। प्रशासन की सतर्कता और आयोजकों के सहयोग से यह पैदल मार्च पूर्णिया में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।