बिहार: कटिहार में रातोंरात "फेमस" होने के चक्कर में पति ने पत्नी का प्राइवेट वीडियो किया वायरल, आरोपी पति गिरफ्तार 

बिहार के कटिहार जिले में रातों रात "फेमस" होने के लिए कलियुगी पति अपनी ही पत्नी की प्राइवेट और आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। कटिहार साइबर सेल पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है

 बिहार: कटिहार में रातोंरात "फेमस" होने के चक्कर में पति ने पत्नी का प्राइवेट वीडियो किया वायरल, आरोपी पति गिरफ्तार 

Cyber crime: बिहार के कटिहार जिले में रातों रात "फेमस" होने के लिए कलियुगी पति अपनी ही पत्नी की प्राइवेट और आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। कटिहार साइबर सेल पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सनकी पति के इस घिनौनी अपराध की चर्चा काफी तेजी से हो रही है।

क्या है पूरा मामला?

पीड़िता ने कटिहार साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पति दयानंद कुमार ने उसकी मर्जी के बिना उसकी अत्यंत निजी और आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर पोस्ट कर दिए हैं। इससे पीड़िता की सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरा धक्का लगा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 04/26 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।

लंबे समय से फरार था आरोपी

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही आरोपी दयानंद पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। कटिहार पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर साइबर डीएसपी आसिफ आलम के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, डिजिटल ट्रैकिंग और गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाया और आखिरकार मनिहारी इलाके से आरोपी पति को दबोच लिया।

पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा: "फेम पाने की सनक"

पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी दयानंद कुमार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि उसकी शादी साल 2023 में हुई थी। शादी के बाद से ही वह अपनी पत्नी पर किसी और से अफेयर होने का शक करता था। इसी गुस्से में उसने वीडियो लीक किया। इसके साथ ही उसने स्वीकार किया कि वह सोशल मीडिया पर तेजी से व्यूज और लोकप्रियता (Fame) बटोरना चाहता था, जिसके लिए उसने यह नीच हथकंडा अपनाया।

पुलिस की कानूनी कार्रवाई और चेतावनी

साइबर पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। वीडियो इंटरनेट पर और कितने लोगों तक फॉरवर्ड या शेयर किया गया है, इसकी गहन जांच के लिए मोबाइल को फॉरेंसिक लैब भेजा जा रहा है। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत केस चलाकर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

साइबर डीएसपी आसिफ आलम का बयान:

"कुछ लोग सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स या फेम पाने के लिए इस तरह की गैर-कानूनी हरकतें कर रहे हैं। किसी भी महिला की सहमति के बिना उसकी निजी तस्वीरें या वीडियो इंटरनेट पर डालना कानूनन गंभीर और दंडनीय अपराध है। हमारी टीम सोशल मीडिया पर लगातार नजर रख रही है और ऐसे अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।"