कांवरियों को बांका प्रशासन का बड़ा तोहफा: अब कांवरिया पथ पर ही होंगे बाबा बैद्यनाथ के लाइव दर्शन

30 जुलाई से शुरू हो रहे मेले के दौरान कांवरियों को यात्रा के बीच ही बाबा बैद्यनाथ के सीधे दर्शन का सौभाग्य मिलेगा। कांवरिया पथ के छह प्रमुख स्थलों पर बड़ी-बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं, जिनके ज़रिए देवघर स्थित बाबा मंदिर की भव्य आरती, पूजा-अर्चना और परिसर की हर धार्मिक गतिविधि का सीधा (लाइव) प्रसारण दिखाया जाएगा।

कांवरियों को बांका प्रशासन का बड़ा तोहफा: अब कांवरिया पथ पर ही होंगे बाबा बैद्यनाथ के लाइव दर्शन

बांका: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए बांका जिला प्रशासन इस बार एक खास सौगात लेकर आ रहा है। 30 जुलाई से शुरू हो रहे मेले के दौरान कांवरियों को यात्रा के बीच ही बाबा बैद्यनाथ के सीधे दर्शन का सौभाग्य मिलेगा। कांवरिया पथ के छह प्रमुख स्थलों पर बड़ी-बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं, जिनके ज़रिए देवघर स्थित बाबा मंदिर की भव्य आरती, पूजा-अर्चना और परिसर की हर धार्मिक गतिविधि का सीधा (लाइव) प्रसारण दिखाया जाएगा।
इन 6 प्रमुख स्थानों पर दिखेगा सीधा प्रसारण
बांका के जिलाधिकारी (DM) अंशुल अग्रवाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावना और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह पहल पहली बार की जा रही है। इसके लिए देवघर जिला प्रशासन, विभिन्न टीवी चैनलों और इंटरनेट प्रदाताओं से तालमेल बिठाया गया है।प्रसारण की व्यवस्था निम्नलिखित स्थानों पर रहेगी। टेंट सिटी में अबरखा के धौरी और गोड़ियारी नदी, जिला नियंत्रण कक्ष, सरकारी धर्मशाला और पर्यटन धर्मशाला,नियंत्रण कक्ष में एक मास्टर सिस्टम स्थापित किया जाएगा, जहाँ से पूरे लाइव टेलीकास्ट की 24 घंटे निगरानी की जाएगी।
श्रद्धालुओं के लिए की जा रही अन्य खास तैयारियाँ
भव्य तोरण द्वार: कांवरियों के शानदार स्वागत के लिए कटोरिया नगर पंचायत को आकर्षक तोरण द्वार बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
टेंट सिटी का निर्माण अंतिम चरण में: बांका जिले में पड़ने वाले 54 किलोमीटर लंबे सबसे बड़े कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए तीन हाई-टेक टेंट सिटी बनाई जा रही हैं। इनमें लगभग 1,050 कांवरियों के ठहरने की उत्तम व्यवस्था होगी।
"पहली बार शुरू हो रही लाइव दर्शन की इस सुविधा से टेंट सिटी और धर्मशालाओं में भक्तिमय माहौल और गहराएगा। यात्रा के दौरान ही श्रद्धालुओं को बाबा मंदिर की हर मुख्य गतिविधि की पल-पल की जानकारी मिलती रहेगी।"
— अंशुल अग्रवाल, जिलाधिकारी (बांका)