पूर्णिया में 'बंटी-बबली' गैंग का पर्दाफाश: 4 महिलाओं समेत 7 अंतरजिला चोर गिरफ्तार, लाखो के जेवरात और विदेशी मुद्रा बरामद
सदर और मुफस्सिल थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला स्तर पर सक्रिय 7 कुख्यात चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए शातिर अपराधियों में चार महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।
पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सदर और मुफस्सिल थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला स्तर पर सक्रिय 7 कुख्यात चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए शातिर अपराधियों में चार महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। यह गिरोह काफी समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। पुलिस ने इनके पास से करीब 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, भारी मात्रा में बर्तन, नकदी और यहाँ तक कि एक ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (विदेशी मुद्रा) भी बरामद किया है।
बंद घरों को बनाते थे निशाना, ऐसे हुआ खुलासा
मामले की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ 1 अभिनव पराशर ने प्रेस वार्ता में बताया कि पिछले कई सालों से पूर्णिया के शहरी इलाकों में बंद पड़े घरों को निशाना बनाकर लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा था। इन घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। सदर और मुफस्सिल थाना प्रभारियों की इस टीम ने तकनीकी अनुसंधान (सर्विलांस) और गुप्त सूचना के आधार पर विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की, जिसके बाद इस पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ।
इलाके के 'बंटी-बबली' समेत पूरा गिरोह दबोचा
पुलिस की गिरफ्त में आया मुख्य सरगना राजू मुखिया और उसकी पत्नी आरती देवी हैं, जिन्हें आपराधिक गलियारों में 'बंटी-बबली' के नाम से जाना जाता था। इसके अलावा गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसमें रेणु देवी,सक्को उर्फ सकीन,चुन्नी खातून,गुलफान अंसारी और मुन्ना मुखिया शामिल है। एसडीपीओ ने बताया कि गिरोह का सरगना राजू मुखिया एक शातिर और पेशेवर अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से ही अलग-अलग थानों में 8 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
दिन में रेकी, रात में सफाई: बरामद हुआ ये सामान
यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था। दिन के समय ये लोग घूम-घूम कर बंद घरों की रेकी करते थे और रात होते ही चंद मिनटों में ताला तोड़कर कीमती सामान साफ कर देते थे। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर लगभग 7 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के जेवरात। 68 हजार रुपये कैश। एक ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (जिसकी बरामदगी के बाद पुलिस अब इनके अंतरराष्ट्रीय या अन्य राज्यों के नेटवर्क की जांच में जुट गई है), भारी मात्रा में पीतल और कांसे के कीमती बर्तन बरामद किया है।पुलिस ने इस गिरोह की गिरफ्तारी को एक बड़ी कामयाबी माना है। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।