पति का आरोप: बेटी को बेचने का विरोध करने पर पत्नी ने आंख में डाला केमिकल, किशनगंज से भागकर लौटी थी नाबालिग
बिहार के अररिया जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी ही पत्नी पर नाबालिग बेटी की मानव तस्करी की साजिश रचने और विरोध करने पर अपनी आंख में केमिकल डालने का गंभीर आरोप लगाया है।
बिहार के अररिया जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी ही पत्नी पर नाबालिग बेटी की मानव तस्करी की साजिश रचने और विरोध करने पर अपनी आंख में केमिकल डालने का गंभीर आरोप लगाया है। मामला जोकीहाट थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़ित पति की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के बहाने बेटी का सौदा करने का आरोप
पुलिस को दिए आवेदन में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध में है और उसी के चक्कर में परिवार को प्रताड़ित कर रही है। पत्नी ने अपनी ही 17 वर्षीय बेटी को शादी का झांसा देकर किशनगंज भेजा था, जहां उसका सौदा करने की तैयारी थी। हालांकि, बच्ची किसी तरह
वहां से भागकर सुरक्षित घर लौट आई।
विरोध करने पर आंख में केमिकल से हमलापीड़ित के अनुसार, जब उसने इस पूरी घटना का विरोध किया तो 30 अगस्त की दोपहर करीब 12 बजे पत्नी आगबबूला हो गई। उसने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर गाली-गलौज की और मारपीट पर आमादा हो गई। आरोप है कि पति को नुकसान पहुंचाने की साजिश के तहत दवा देने के बहाने उसकी आंख में जानबूझकर कोई हानिकारक केमिकल डाल दिया गया ताकि उसकी रोशनी छीन ली जाए।
पुलिस की जांच और मानव तस्करी का एंगल
पीड़ित ने पुलिस से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम को मामले की पड़ताल के लिए पीड़ित के घर भेजा गया है। बच्ची और उसकी मां के बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में मानव तस्करी का मामला सही पाया जाता है, तो इस नेटवर्क में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।