दिशा सालियन मौत मामला: बॉम्बे हाईकोर्ट ने CBI जांच के दिए आदेश, मुंबई पुलिस को लगाई फटकार
बॉम्बे उच्च न्यायालय ने दिवंगत फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियन की मौत के मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए इसकी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है।
मुंबई/पूर्णिया: बॉम्बे उच्च न्यायालय ने दिवंगत फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियन की मौत के मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए इसकी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है। अदालत ने छह साल तक एफआईआर (FIR) दर्ज न करने को लेकर मुंबई पुलिस की कार्यशैली पर कड़ा ऐतराज जताते हुए उसे फटकार भी लगाई।
न्यायमूर्ति सारंग कोतवाल और न्यायमूर्ति रंजीतसिंह राजा भोंसले की खंडपीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि जांच इतने लंबे समय तक लंबित नहीं रह सकती। कोर्ट ने टिप्पणी की कि मुंबई पुलिस की जांच से समाधान मिलने के बजाय और नए सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में मामले की निष्पक्ष और ठोस जांच सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय एजेंसी (CBI) को यह मामला सौंपना बेहद जरूरी है।
हाईकोर्ट ने सीबीआई को तुरंत प्राथमिकी दर्ज करने और दिशा के पिता सतीश सालियन का बयान दर्ज करने का निर्देश दिया है। हालांकि, अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच के दौरान जब तक पर्याप्त सबूत नहीं मिल जाते, तब तक किसी भी व्यक्ति को आरोपी नहीं माना जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
8 जून, 2020 को मुंबई के मलाड स्थित एक बहुमंजिला इमारत की 12वीं मंजिल से गिरकर दिशा सालियन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उस वक्त मुंबई पुलिस ने इसे एक्सीडेंटल डेथ (ADR) के रूप में दर्ज किया था। इस घटना के ठीक एक हफ्ते बाद, 14 जून 2020 को बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत भी अपने मुंबई स्थित अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। इसके बाद से ही दोनों मौतों के तार आपस में जुड़े होने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
पूर्णिया से जुड़ा है सुशांत सिंह राजपूत का नाता
गौरतलब है कि दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का पैतृक घर बिहार के पूर्णिया जिले के बड़हरा कोठी स्थित मलडीहा गांव में है। सुशांत की मौत के बाद से ही पूर्णिया समेत पूरे बिहार के लोग दिशा सालियन और सुशांत मामले में न्याय की मांग लगातार उठाते रहे हैं। ऐसे में बॉम्बे हाईकोर्ट के इस फैसले से एक बार फिर निष्पक्ष न्याय की उम्मीद जगी है।