पूर्णिया में हैवानियत: आदतन अपराधी ने शादी का झांसा देकर नाबालिग छात्रा से की दरिंदगी, हालत नाजुक
पूर्णिया में हैवानियत:पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक आदतन अपराधी ने शादी का प्रलोभन देकर एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म किया है। पीड़िता की हालत बेहद चिंताजनक है, जिसके चलते उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
सुनसान जगह बुला कर दिया वारदात को अंजाम
पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी मोहम्मद सूरज ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसा रखा था। घटना वाले दिन आरोपी ने शादी करने का झांसा देकर उसे एक सुनसान जगह पर बुलाया। वहां पहुंचने पर आरोपी ने जबरन इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद लहूलुहान और बदहवास हालत में घर पहुंची छात्रा ने रो-रोकर अपने परिजनों को पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस से संपर्क किया।
आरोपी आदतन आपराधी
पुलिस प्रशासन के अनुसार, आरोपी मो. सूरज पहले से ही इस तरह की गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। यह उसकी पहली वारदात नहीं है; इससे पहले जुलाई 2025 में भी उसने इसी गांव की एक अन्य नाबालिग लड़की को अगवा कर उसके साथ ऐसी ही शर्मनाक वारदात को अंजाम दिया था। उस मामले में भी आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है। भवानीपुर के प्रभारी थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर सख्त कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।मेडिकल जांच और कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने के लिए पीड़िता को पूर्णिया भेज दिया गया है।फरार आरोपी मोहम्मद सूरज को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है