पूर्णिया में रिश्तों का कत्ल: 12 साल बाद पंजाब से लौटा छोटा भाई बना काल, बड़े भाई की बेरहमी से हत्या; इलाके में सनसनी
बिहार के पूर्णिया जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बनमनखी थाना क्षेत्र के मखनाहा गांव में एक पारिवारिक विवाद ने ऐसा हिंसक रूप लिया कि छोटे भाई ने अपने ही सगे बड़े भाई की बेरहमी से हत्या कर दी।
पूर्णिया : बिहार के पूर्णिया जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बनमनखी थाना क्षेत्र के मखनाहा गांव में एक पारिवारिक विवाद ने ऐसा हिंसक रूप लिया कि छोटे भाई ने अपने ही सगे बड़े भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
12 साल बाद घर लौटा था आरोपी भाई
मृतक की पहचान मखनाहा निवासी स्वर्गीय अचेन शर्मा के पुत्र सुशील कुमार शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, आरोपी छोटा भाई वकील शर्मा पिछले 12 साल से पंजाब में रह रहा था और हाल ही में घर लौटा था। घर आने के बाद से ही परिवार में विवाद चल रहा था। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ा कि सुशील कुमार शर्मा की हत्या कर दी गई।
धारदार हथियार से हमला, अंधविश्वास का भी एंगल
बनमनखी पुलिस निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुशील कुमार शर्मा की हत्या उनके भाई द्वारा मारपीट और किसी धारदार हथियार से की गई है। वहीं परिजनों ने एक और चौंकाने वाला आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वारदात से ठीक पहले आरोपी अंधविश्वास से जुड़ी बातें कर रहा था। परिजनों ने इस घटना में वकील शर्मा के साथ एक अन्य रिश्तेदार की भूमिका होने का भी शक जताया है। मृतक की पत्नी ने रोते हुए बताया कि जब उन्होंने अपने पति को बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन्हें भी बेरहमी से पीटकर वहां से भगा दिया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच (GMCH) पूर्णिया भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सभी पहलुओं की गहन जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुख्य आरोपी से पूछताछ जारी है।