अंधविश्वास ने ली एक और जान: सर्पदंश के बाद झाड़-फूंक के चक्कर में महिला की मौत, GMCH पहुंचने में हुई देर

पूर्णिया जिले के जलालगढ़ थाना क्षेत्र स्थित मिश्रीनगर गांव में मंगलवार तड़के सांप के काटने से एक बेगुनाह महिला की जान चली गई। इलाज की जगह घंटों झाड़-फूंक कराने के कारण महिला के शरीर में जहर पूरी तरह फैल गया।

अंधविश्वास ने ली एक और जान: सर्पदंश के बाद झाड़-फूंक के चक्कर में महिला की मौत, GMCH पहुंचने में हुई देर

जलालगढ़ (पूर्णिया): जागरूकता की कमी और अंधविश्वास का साया एक बार फिर किसी जिंदगी पर भारी पड़ गया। पूर्णिया जिले के जलालगढ़ थाना क्षेत्र स्थित मिश्रीनगर गांव में मंगलवार तड़के सांप के काटने से एक बेगुनाह महिला की जान चली गई। इलाज की जगह घंटों झाड़-फूंक कराने के कारण महिला के शरीर में जहर पूरी तरह फैल गया, जिससे समय पर सही चिकित्सीय सहायता नहीं मिल सकी।
बिछावन से उतरते ही सांप ने डसा
मृतका की पहचान मिश्रीनगर निवासी बिनोद मरांडी की पत्नी बहा मुर्मू के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मंगलवार तड़के जब बहा मुर्मू अपने कमरे में बिछावन से नीचे पैर रख रही थीं, तभी फर्श पर छिपे एक विषैले सांप ने उनके पैर में डस लिया। महिला की चीख सुनकर पहुंचे परिजनों को जब घटना की जानकारी हुई, तो घर में हड़कंप मच गया।
तांत्रिक के दर पर बीता 'गोल्डन आवर'
घटना के बाद तुरंत अस्पताल जाने के बजाय परिजन अंधविश्वास के जाल में उलझ गए:व।परिजन महिला को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की जगह गांव के ही एक तांत्रिक (गुणी) के पास ले गए। तांत्रिक के पास काफी देर तक तंत्र-मंत्र चलता रहा। इस दौरान रक्त संचार के साथ जहर तेजी से पूरे शरीर में फैलता गया। जब स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई और महिला बेसुध हो गई, तब घबराए परिजन उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (GMCH) पूर्णिया लेकर भागे। GMCH पूर्णिया के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई।
चिकित्सकों की चेतावनी
"अस्पताल पहुंचने में बहुत देर हो चुकी थी। सांप काटने के बाद झाड़-फूंक में समय गंवाने के बजाय मरीज को तुरंत अस्पताल लाकर एंटी-वेनम (Anti-Venom) इंजेक्शन लगवाना चाहिए। सर्पदंश के मामलों में झाड़-फूंक सीधे तौर पर मौत को बुलावा देने जैसा है।"