सड़क पर फैली चिकनी मिट्टी बनी काल,मीरगंज के समीप भीषण हादसा, स्कूटी सवार मां की मौत, बेटी की हालत नाजुक

जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत बहिलवा स्थान के समीप रविवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। इस भीषण दुर्घटना में स्कूटी से घर लौट रही एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।

सड़क पर फैली चिकनी मिट्टी बनी काल,मीरगंज के समीप भीषण हादसा, स्कूटी सवार मां की मौत, बेटी की हालत नाजुक

पूर्णिया: जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत बहिलवा स्थान के समीप रविवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। इस भीषण दुर्घटना में स्कूटी से घर लौट रही एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतका की पहचान कोर्ट स्टेशन निवासी विजय यादव की पत्नी कविता देवी के रूप में हुई है। वहीं, उनकी घायल बेटी शिवानी का इलाज राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) पूर्णिया के आपातकालीन वार्ड में चल रहा है, जहाँ उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
कैसे हुआ हादसा?
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, कविता देवी अपनी बेटी शिवानी के साथ स्कूटी पर सवार होकर पूर्णिया शहर स्थित अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही वे मीरगंज से आगे बहिलवा स्थान के पास पहुँचीं, सड़क पर बिखरी चिकनी मिट्टी के कारण उनकी स्कूटी अचानक असंतुलित होकर फिसल गई और दोनों माँ-बेटी सड़क पर गिर पड़ीं।
अभी वे खुद को संभाल पातीं, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात चारपहिया वाहन ने दोनों को बेरहमी से कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कविता देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
अस्पताल में जुटी शुभचिंतकों की भीड़
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को जीएमसीएच पूर्णिया पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने जाँच के बाद कविता देवी को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुँचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सहकर्मियों में शोक की लहर
मृतका कविता देवी एक न्यूट्रिशन कंपनी में न्यूट्रिशनिस्ट के पद पर कार्यरत थीं। अपने मिलनसार व्यवहार और कार्यकुशलता के कारण वह अपने सहकर्मियों और परिचितों के बीच काफी लोकप्रिय थीं। उनकी असामयिक मौत की खबर से उनके जानने वालों और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।