Monsoon Update: भारत की ओर बढ़ रहा बादलों का विशाल 'व्हाइट जोन', ओडिशा में 'महा-बारिश' का अलर्ट; जानें दिल्ली-NCR का हाल

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सैटेलाइट तस्वीरों के जरिए एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। तस्वीरों में अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बादलों का एक विशाल 'व्हाइट जोन' (सफेद बादलों का भारी जमावड़ा) सक्रिय दिखाई दे रहा है, जो तेजी से भारत की मुख्य भूमि की तरफ बढ़ रहा है।

Monsoon Update: भारत की ओर बढ़ रहा बादलों का विशाल 'व्हाइट जोन', ओडिशा में 'महा-बारिश' का अलर्ट; जानें दिल्ली-NCR का हाल

Monsoon Update: देश में मॉनसून एक बार फिर अपने रौद्र रूप में लौटने को तैयार है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सैटेलाइट तस्वीरों के जरिए एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। तस्वीरों में अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बादलों का एक विशाल 'व्हाइट जोन' (सफेद बादलों का भारी जमावड़ा) सक्रिय दिखाई दे रहा है, जो तेजी से भारत की मुख्य भूमि की तरफ बढ़ रहा है।मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, नमी से भरे इन सफेद बादलों के प्रभाव से उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है।
बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम: पूर्वी भारत में आफत की बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के भीतर उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश के तटों पर एक कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) बनने की प्रबल संभावना है। इसके प्रभाव से अगले 7 दिनों के दौरान पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। ओडिशा में 14 और 15 जुलाई को 'महा-बारिश' का अलर्ट है। यहाँ कुछ स्थानों पर 204 मिमी से भी अधिक अत्यंत भारी बारिश हो सकती है।ओडिशा के केंद्रपाड़ा में 16 सेमी और बिहार के पश्चिमी चंपारण में 14 सेमी बारिश पहले ही दर्ज की जा चुकी है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव शुरू हो गया है।
दिल्ली-NCR में बारिश के लिए थोड़ा इंतजार, गर्मी-उमस से बेहाल
जहाँ एक तरफ पूर्वी भारत बारिश से सराबोर है, वहीं दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोग भीषण गर्मी और चिपचिपी उमस से परेशान हैं।इन इलाकों में अगले 6-7 दिनों तक भारी बारिश की संभावना काफी कम है। 16 जुलाई तक उमस भरा मौसम परेशान करेगा, और दिल्ली में अधिकतम तापमान 37°C से 39°C के बीच रह सकता है। हालांकि, शाम के समय हल्की बूंदाबांदी से थोड़ी राहत मिल सकती है।हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 19 जुलाई तक रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान तेज हवाएं, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
पहाड़ी राज्यों और यूपी में भारी बारिश का अनुमान
हफ्ते के दूसरे हिस्से (वीकेंड के करीब) में पर्वतीय राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ेगा।उत्तराखंड में 14 से 19 जुलाई के बीच व्यापक बारिश होगी, जबकि 15-19 जुलाई के दौरान भारी बारिश की चेतावनी दी गई है जिससे भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख के इन क्षेत्रों में 14-17 जुलाई तक छिटपुट बारिश होगी, लेकिन 18 और 19 जुलाई को बारिश का दायरा बढ़ेगा और भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी यूपी में 18-19 जुलाई को और पूर्वी यूपी में 17-19 जुलाई के दौरान भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
हैरान करने वाली स्थिति: दक्षिण भारत में चलेगी 'लू'
एक तरफ देश का बड़ा हिस्सा पानी-पानी हो रहा है, वहीं दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में मॉनसून के दौरान भी सूरज की तपिश परेशान करेगी। IMD ने तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु में 14-15 जुलाई को लू (Heat Wave) चलने की चेतावनी दी है।
मछुआरों के लिए रेड अलर्ट
खराब मौसम और तटों पर 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में न जाने की सख्त सलाह दी है।