सावधान सीमांचल! B.Ed-M.Ed में सीधे दाखिले के नाम पर ठगी का 'बड़ा खेल', बिना कॉलेज गए डिग्री दिलाने का झांसा देकर लूटे जा रहे लाखों छात्र

पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज जिलों में ऐसे कई गिरोह सक्रिय हैं, जो B.Ed और M.Ed कोर्सों में सीधे दाखिले (Direct Admission) और "घर बैठे बिना कॉलेज जाए डिग्री" दिलाने का लालच देकर छात्रों से 1 से 1.5 लाख रुपये तक वसूल रहे हैं।

सावधान सीमांचल! B.Ed-M.Ed में सीधे दाखिले के नाम पर ठगी का 'बड़ा खेल', बिना कॉलेज गए डिग्री दिलाने का झांसा देकर लूटे जा रहे लाखों छात्र

पूर्णिया:शिक्षक बनने का सपना देख रहे सीमांचल के युवाओं की मजबूरी का फायदा उठाकर फर्जी शैक्षणिक काउंसलिंग सेंटरों का जाल तेजी से पैर पसार रहा है। पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज जिलों में ऐसे कई गिरोह सक्रिय हैं, जो B.Ed और M.Ed कोर्सों में सीधे दाखिले (Direct Admission) और "घर बैठे बिना कॉलेज जाए डिग्री" दिलाने का लालच देकर छात्रों से 1 से 1.5 लाख रुपये तक वसूल रहे हैं।
सीमांचल के युवाओं को ऐसे बनाया जा रहा शिकार
सोशल मीडिया, बल्क मैसेज और लुभावने विज्ञापनों के जरिए कामकाजी व दूरदराज के युवाओं को निशाना बनाया जाता है। 'नॉन-अटेंडेंस' का झांसा देकर उन्हें फर्जी या बिना NCTE (National Council for Teacher Education) की मंजूरी वाली यूनिवर्सिटीज में एडमिशन का दावा किया जाता है।
पैसा और करियर दोनों तबाह
'पैकेज डील' के नाम पर मोटी रकम वसूलने के बाद छात्रों को न तो कोई पक्की रसीद दी जाती है और न ही एनरोलमेंट नंबर। परीक्षा के ऐन वक्त पर जब छात्र एडमिट कार्ड मांगते हैं, तो ये तथाकथित काउंसलिंग सेंटर रातों-रात दफ्तर बंद करके फरार हो जाते हैं। सीमांचल के दर्जनों छात्र इस फर्जीवाड़े में अपना साल और गाढ़ी कमाई गंवा चुके हैं।
ठगी से बचने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
आधिकारिक पोर्टल का प्रयोग करें: B.Ed या M.Ed में दाखिला केवल राज्य सरकार या अधिकृत यूनिवर्सिटी के ऑफिशियल काउंसलिंग पोर्टल से ही लें। किसी भी संस्थान में एडमिशन से पहले NCTE की आधिकारिक वेबसाइट पर कॉलेज की मान्यता (Recognition Status) की पुष्टि करें। किसी बाहरी राज्य की यूनिवर्सिटी का नाम बताने पर एजेंट के बजाय सीधे यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक भवन या हेल्पलाइन से संबद्धता जांचें।
फर्जी दावों से बचें
नियमानुसार इन प्रोफेशनल कोर्सों में न्यूनतम उपस्थिति अनिवार्य है। "बिना क्लास गए डिग्री" का दावा करने वाले संस्थान पूरी तरह गैर-कानूनी हैं। यदि आपके या किसी परिचित के साथ ऐसा धोखा हुआ है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल (cybercrime.gov.in) या नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं।