बेटी की शादी के अरमान और जीवनभर की पूंजी राख: जलालगढ़ में देर रात लगी आग में मजदूर का सब कुछ स्वाहा

बिहार के पूर्णिया जिले के जलालगढ़ प्रखंड से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक गरीब मजदूर परिवार का न सिर्फ सिर छुपाने का आशियाना छिन गया, बल्कि खून-पसीने की कमाई भी पल भर में राख के ढेर में बदल गई।

बेटी की शादी के अरमान और जीवनभर की पूंजी राख: जलालगढ़ में देर रात लगी आग में मजदूर का सब कुछ स्वाहा

पूर्णिया:बिहार के पूर्णिया जिले के जलालगढ़ प्रखंड से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक गरीब मजदूर परिवार का न सिर्फ सिर छुपाने का आशियाना छिन गया, बल्कि खून-पसीने की कमाई भी पल भर में राख के ढेर में बदल गई। घटना निजगेंहूंवा पंचायत के वार्ड संख्या 9 स्थित नूर नगर गांव की है, जहां देर रात भड़की भीषण आग ने एक गरीब परिवार को खुले आसमान के नीचे आने पर मजबूर कर दिया।
रात 3 बजे अचानक लगी आग
पीड़ित गृहस्वामी और पेशे से मजदूर इसराइल ने बताया कि शनिवार की देर रात वह अपने परिवार के साथ सो रहा था। रात के करीब तीन बजे अचानक तेज गर्मी और घुटन के कारण उसकी आंख खुली। जब उसने ऊपर देखा तो पैर तले जमीन खिसक गई—घर के छप्पर से आग की डरावनी लपटें उठ रही थीं।
इसराइल ने बिना एक पल गंवाए शोर मचाते हुए अपनी पत्नी और बच्चों को जगाया और आनन-फानन में उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ोस के ग्रामीण पानी और बालू लेकर मौके पर दौड़े। लेकिन पछुआ हवा के तेज झोंकों ने आग में घी का काम किया। लपटें इतनी भयावह थीं कि जब तक लोग कुछ कर पाते, पूरा घर जलकर खाक हो चुका था।
बेटी की शादी के लिए जुटाया सामान बना कोयला
दिन-रात मजदूरी करने वाले इसराइल पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसने रोते हुए बताया कि भविष्य में आर्थिक बोझ से बचने के लिए उसने अपनी बेटी की शादी की तैयारी पहले से ही शुरू कर दी थी। हालांकि अभी शादी तय नहीं हुई थी, लेकिन वह एक-एक पैसा जोड़कर सामान खरीद रहा था। इस अग्निकांड में करीब 4 से 5 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है, जिसमें निम्नलिखित मुख्य चीजें पूरी तरह नष्ट हो गईं।बेटी की शादी में दामाद को देने के लिए खरीदकर रखी गई एक नई 'सुपर स्प्लेंडर' मोटरसाइकिल, जो जलकर पूरी तरह लोहा बन चुकी है। घर के सभी कीमती फर्नीचर, नए कपड़े और बर्तन और खाने और बेचने के लिए रखे गए दर्जनों बोरे धान और मक्का सब जल कर खाक हो गया। जमीन के जरूरी कागजात और घर में रखी संचित नकदी भी नहीं बचा।पीड़ित गृहस्वामी ,इसराइल ने बताया कि बेटी की शादी के लिए पाई-पाई जोड़कर सामान जुटाया था, सोचा था वक्त पर तकलीफ नहीं होगी। अब न सिर पर छत बची है, न ही बेटी का कन्यादान करने की हिम्मत।
सीओ ने दिए जांच के आदेश, तत्काल मिलेगी राहत
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया है। जलालगढ़ के अंचल अधिकारी (CO) मो. सबीहूल हसन ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर नुकसान का भौतिक सत्यापन (Physical Verification) कराया जा रहा है। पीड़ित परिवार का एकमात्र आशियाना जल गया है, इसलिए उन्हें तुरंत प्लास्टिक शीट और जरूरी तात्कालिक सहायता मुहैया कराई जा रही है। सीओ ने आश्वासन दिया है कि सरकारी नियमावली के तहत आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से मिलने वाली तय मुआवजा राशि (अनुग्रह अनुदान) का चेक जल्द से जल्द पीड़ित इसराइल को सौंप दिया जाएगा।