अजगैबीनाथ धाम में दिखेगा भक्ति का अनोखा रंग, श्रावणी मेला 2026 के लिए सजकर तैयार हुई सुल्तानगंज की धरती!

श्रावणी मेला 2026 के भव्य स्वागत के लिए सुल्तानगंज में तैयारियां अपने चरम पर हैं। इस बार प्रशासन और नगर परिषद का एकमात्र लक्ष्य है कि अजगैबीनाथ धाम कदम रखते ही श्रद्धालु पूरी तरह शिवभक्ति और आध्यात्म के रंग में सराबोर हो जाएं। मेला क्षेत्र को एक नया और बेहद आकर्षक रूप देने के लिए दिन-रात काम चल रहा है।

अजगैबीनाथ धाम में दिखेगा भक्ति का अनोखा रंग, श्रावणी मेला 2026 के लिए सजकर तैयार हुई सुल्तानगंज की धरती!

सुल्तानगंज: श्रावणी मेला 2026 के भव्य स्वागत के लिए सुल्तानगंज में तैयारियां अपने चरम पर हैं। इस बार प्रशासन और नगर परिषद का एकमात्र लक्ष्य है कि अजगैबीनाथ धाम कदम रखते ही श्रद्धालु पूरी तरह शिवभक्ति और आध्यात्म के रंग में सराबोर हो जाएं। मेला क्षेत्र को एक नया और बेहद आकर्षक रूप देने के लिए दिन-रात काम चल रहा है। कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक आनंद खुद लगातार हर तैयारी का जायजा ले रहे हैं ताकि कांवड़ियों की हर सुविधा को पहली प्राथमिकता दी जा सके।
दीवारों पर जीवंत होगी शिवभक्ति
श्रावणी मेले की भव्यता में चार चांद लगाने के लिए नमामि गंगे घाट सहित पूरे मेला क्षेत्र की दीवारों और पुलों को खूबसूरत कलाकृतियों से सजाया जा रहा है। स्प्रे पेंटिंग के जरिए भगवान शिव, मां गंगा और श्रावणी मेले से जुड़ी आकर्षक तस्वीरें बनाई जा रही हैं। इसके साथ ही, दीवारों पर लिखे ‘हर-हर महादेव’, ‘बम-बम भोले’ और ‘बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है’ जैसे दिव्य स्लोगन कांवड़ियों में ऊर्जा और भक्ति का नया संचार करेंगे।
घाटों से हटी गाद
लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए नमामि गंगे घाट और जहाज घाट पर जमी गाद (मिट्टी) को हटाने का काम युद्धस्तर पर पूरा कर लिया गया है। नवनियुक्त जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय के कड़े निर्देश पर देर शाम तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अब घाटों की सीढ़ियाँ पूरी तरह साफ हो चुकी हैं, जिससे कांवरियों को स्नान करने और बाबा के लिए गंगाजल भरने में कोई परेशानी नहीं होगी। प्रशासन के इस त्वरित कदम की स्थानीय लोगों ने भी जमकर सराहना की है।
भीड़ नियंत्रण के लिए 'डबल पट्टी' का नया नियम
मेले के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए नगर परिषद ने इस बार दुकानों के लिए एक अनूठी व्यवस्था की है। दुकानों के आगे मार्किंग से हर दुकान के सामने दो पट्टियां (लाइनें) बनाई जाएंगी। बाहरी पट्टी के हिस्से में सिर्फ खरीदार (कांवरिए) रहेंगे, जबकि अंदरूनी हिस्से में केवल दुकानदार मौजूद रहेंगे। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इस नियम को तोड़ने वालों और अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इन सभी चुस्त-दुरुस्त तैयारियों का एकमात्र उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले लाखों शिवभक्तों को एक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आनंदमय वातावरण प्रदान करना है, ताकि उनकी देवघर यात्रा सुखद हो सके।