बनमनखी में मिठाई दुकानों पर प्रशासन का ‘एक्शन’, 2 दुकानें सील; पनीर-घी-खोवा के सैंपल से मचा हड़कंप

त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट को लेकर बनमनखी अनुमंडल प्रशासन ने शनिवार को बड़ा अभियान चलाया। एसडीओ प्रमोद कुमार के नेतृत्व में रेस्टोरेंट, होटल, लस्सी कॉर्नर और मिठाई दुकानों में अचानक जांच की गई। इस दौरान नियमों की अनदेखी और बिना वैध लाइसेंस कारोबार करते पाए जाने पर दो दुकानों को तत्काल सील कर दिया गया।

बनमनखी में मिठाई दुकानों पर प्रशासन का ‘एक्शन’, 2 दुकानें सील; पनीर-घी-खोवा के सैंपल से मचा हड़कंप

बिना लाइसेंस कारोबार पर चला प्रशासन का डंडा, खाद्य सुरक्षा टीम ने कई प्रतिष्ठानों में की सघन जांच
पूर्णिया/बनमनखी। त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट को लेकर बनमनखी अनुमंडल प्रशासन ने शनिवार को बड़ा अभियान चलाया। एसडीओ प्रमोद कुमार के नेतृत्व में रेस्टोरेंट, होटल, लस्सी कॉर्नर और मिठाई दुकानों में अचानक जांच की गई। इस दौरान नियमों की अनदेखी और बिना वैध लाइसेंस कारोबार करते पाए जाने पर दो दुकानों को तत्काल सील कर दिया गया।
कार्रवाई की खबर फैलते ही खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया। जांच टीम ने दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और जरूरी लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की।
वहीं, ग्राहकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई प्रमुख मिठाई दुकानों से पनीर, देसी घी, खोवा और अलग-अलग प्रकार की मिठाइयों के नमूने लिए गए। इन सैंपलों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
रिपोर्ट में मिलावट मिली तो होगी कड़ी कार्रवाई
प्रशासन के मुताबिक, प्रयोगशाला जांच में यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाती है तो संबंधित कारोबारी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस विशेष अभियान में एसडीओ प्रमोद कुमार के साथ प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (MO) बनमनखी और खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी (FSO) पूर्णिया समेत पूरी टीम शामिल रही।
प्रशासन का साफ संदेश
अनुमंडल प्रशासन ने सभी खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी है कि बिना वैध लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन कारोबार करने और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने साफ किया है कि क्षेत्र में आगे भी औचक जांच अभियान चलाए जाएंगे।