पूर्णिया में भीषण सड़क हादसा: कंटेनर ने हाइवा को मारी जोरदार टक्कर, झारखंड के चालक की दर्दनाक मौत, खलासी गंभीर
बिहार के पूर्णिया जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। डगरुआ थाना क्षेत्र के बरसोनी टोल टैक्स के पास मंगलवार को एक अनियंत्रित लोडेड कंटेनर ने हाइवा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में हाइवा चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल है
पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। डगरुआ थाना क्षेत्र के बरसोनी टोल टैक्स के पास मंगलवार को एक अनियंत्रित लोडेड कंटेनर ने हाइवा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में हाइवा चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद से मृतक के साथी चालकों में भारी आक्रोश है।
एयरपोर्ट से गिट्टी अनलोड कर लौट रही थी गाड़ी
अस्पताल में भर्ती घायल खलासी उस्मान शेख ने घटना की आपबीती सुनाते हुए बताया कि वे दोनों झारखंड के पाकुड़ से हाइवा पर गिट्टी लादकर पूर्णिया एयरपोर्ट आए थे। एयरपोर्ट पर चल रहे निर्माण कार्य के लिए गिट्टी अनलोड करने के बाद दोनों वापस पाकुड़ लौट रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर बरसोनी टोल टैक्स के समीप पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कंटेनर ने उनके हाइवा में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि हाइवा का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक-खलासी दोनों उसी में फंस गए।
केबिन काटकर निकाले गए घायल, अस्पताल में चालक ने तोड़ा दम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और डगरुआ थाना पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों को केबिन से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच (GMCH) में भर्ती कराया गया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद हाइवा चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतक और घायल की हुई पहचान
इस घटना में मृत चालक पाकुड़ जिले के अंजना गांव निवासी आंटी शेख के पुत्र मुकद्दर हुसैन के रुप में हुई है। जबकि खलासी पाकुड़ जिले के रामचंद्रपुर गांव निवासी उस्मान शेख बताया जा रहा है। वह फिलहाल खलासी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जीएमसीएच में जुटे ट्रक चालक,उठी मुआवजे की मांग
जैसे ही मुकद्दर हुसैन की मौत की खबर पूर्णिया जीएमसीएच परिसर में फैली, वहां बड़ी संख्या में ट्रक चालक और स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। साथी चालक की मौत से आक्रोशित चालकों ने पीड़ित परिवार के लिए प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही डगरुआ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच कर रही है। फरार कंटेनर और उसके चालक की तलाश की जा रही है।