पूर्णिया के लाइन बाजार में नवजात की मौत पर बवाल: परिजनों का हंगामा, 3 घंटे तक सड़क पर जलाया टायर; 3 लाख रुपये लेने का आरोप

लाइन बाजार स्थित बिहार टॉकीज रोड पर शुक्रवार को नवजात की मौत के बाद जबरदस्त हंगामा हुआ। आर्शीवाद चाइल्ड केयर हॉस्पिटल (डॉ. बी.एल. महतो नर्सिंग होम) में इलाज के दौरान नवजात शिशु की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के बाहर जमकर प्रदर्शन किया और सड़क पर टायर जलाकर करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रखा।

पूर्णिया के लाइन बाजार में नवजात की मौत पर बवाल: परिजनों का हंगामा, 3 घंटे तक सड़क पर जलाया टायर; 3 लाख रुपये लेने का आरोप

पूर्णिया। शहर के व्यस्ततम इलाके लाइन बाजार स्थित बिहार टॉकीज रोड पर शुक्रवार को नवजात की मौत के बाद जबरदस्त हंगामा हुआ। एक चाइल्ड केयर हॉस्पिटल में इलाज के दौरान नवजात शिशु की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के बाहर जमकर प्रदर्शन किया और सड़क पर टायर जलाकर करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया।
10 दिनों तक चला इलाज, 3 लाख रुपये वसूलने का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटिहार जिले के कदवा थाना क्षेत्र की एक प्रसूता ने बच्चे को जन्म दिया था। जन्म के बाद शिशु की स्थिति नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया। परिजन नवजात को लेकर लाइन बाजार स्थित डॉ. बी.एल. महतो के नर्सिंग होम पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने बच्चे को पूरी तरह ठीक करने का आश्वासन दिया था। करीब 10 दिनों तक चले इलाज के दौरान अस्पताल प्रशासन ने उनसे लगभग 3 लाख रुपये वसूल लिए। इसके बावजूद नवजात की हालत बिगड़ती चली गई और अंततः उसकी मौत हो गई।
सड़क जाम कर जताया विरोध
नवजात की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का सब्र का बांध टूट गया। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही और उगाही का गंभीर आरोप लगाते हुए बिहार टॉकीज रोड पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क पर टायर जलाकर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया गया, जिससे काफी देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप और उचित कार्रवाई के आश्वासन पर हंगामा शांत हुआ।