पूर्णिया में सीमेंट लदे ट्रक ने ई-रिक्शा चालक को कुचला, मौके पर ही मौत; आक्रोशित भीड़ ने ट्रक फूंका, सड़क जाम

जिले के खुश्कीबाग रेलवे रैक प्वाइंट की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार सीमेंट लदे ट्रक की चपेट में आने से गुलाबबाग लकड़ी पट्टी निवासी सत्यनारायण शर्मा उर्फ सत्तो शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया, जिसके बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने गुलाबबाग मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और हादसे में शामिल ट्रक में आग लगा दी।

पूर्णिया में सीमेंट लदे ट्रक ने ई-रिक्शा चालक को कुचला, मौके पर ही मौत; आक्रोशित भीड़ ने ट्रक फूंका, सड़क जाम

पूर्णिया: जिले के खुश्कीबाग रेलवे रैक प्वाइंट की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार सीमेंट लदे ट्रक की चपेट में आने से गुलाबबाग लकड़ी पट्टी निवासी सत्यनारायण शर्मा उर्फ सत्तो शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया, जिसके बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने गुलाबबाग मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और हादसे में शामिल ट्रक में आग लगा दी। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाने में जुट गई।
​प्रत्यक्षदर्शियों और मृतक के परिजनों के अनुसार, सत्यनारायण शर्मा अपने घर से बाजार की ओर सब्जी खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे बेकाबू ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। ट्रक का पहिया चढ़ने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
​परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक के बड़े भाई प्रमोद शर्मा ने बताया कि सत्यनारायण टोटो (ई-रिक्शा) चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके पीछे परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
​सड़क पर हंगामा और आगजनी
हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोग भड़क उठे। उन्होंने चालक की लापरवाही के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दिया। इसी हंगामे के बीच उग्र भीड़ ने दुर्घटना कारित करने वाले सीमेंट लदे ट्रक को आग के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस प्रशासन मौके पर डटा हुआ है और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराने के प्रयास जारी हैं।