कोचिंग वॉर का खौफनाक अंत: खान सर पर हमले का मुख्य आरोपी और ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर का भाई नेपाल में मृत मिला, 7 दोस्त हिरासत में

कोचिंग वॉर का खौफनाक अंत: खान सर पर हमले का मुख्य आरोपी और ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर का भाई नेपाल में मृत मिला, 7 दोस्त हिरासत में

पटना/विराटनगर: बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट में छिड़ी 'कोचिंग वॉर' का अंत बेहद खौफनाक और रहस्यमयी मोड़ पर हुआ है। देश के मशहूर शिक्षक 'खान सर' की कोचिंग पर बमबारी, पथराव और फायरिंग के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक प्रिंस यादव पटना की ही एक और दिग्गज कोचिंग 'ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी' के डायरेक्टर रौशन आनंद सर के सगे भाई थे। पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रिंस अपने दोस्तों के साथ सीमा पार नेपाल में छिपे हुए थे।
होटल के कमरे में मिला शव
घटना भारत-नेपाल सीमा से महज 3 किलोमीटर दूर विराटनगर के एक बड़े होटल की है। 13 और 14 जून की दरमियानी रात होटल के कमरे में प्रिंस यादव बेसुध पाए गए, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मर्डर या बीमारी?
नेपाल पुलिस इस मामले को पूरी तरह संदिग्ध मानकर चल रही है। घटना के वक्त प्रिंस के साथ होटल में ठहरे उनके 7 करीबी दोस्तों को नेपाल पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया है।हालांकि शुरुआती मेडिकल इनपुट में मौत की वजह 'ब्रेन हेमरेज' या 'हार्ट अटैक' बताई जा रही है, लेकिन पुलिस जहर दिए जाने या गला घोंटने जैसे सभी एंगल्स की बारीकी से जांच कर रही है।
पटना से नेपाल तक कैसे जुड़ी कड़ियां?
यह पूरी कहानी कुछ दिनों पहले पटना के मुसल्लहपुर हाट में शुरू हुई थी, जहां खान सर की कोचिंग 'खान ग्लोबल स्टडीज' पर अचानक दर्जनों उपद्रवियों ने हमला बोल दिया था। वर्चस्व की लड़ाई में खान सर के सेंटर पर जमकर रोड़ेबाजी और हवाई फायरिंग की गई, जिससे हजारों छात्र जान बचाकर भागे। पटना पुलिस की जांच में सामने आया कि इस हमले के पीछे 'ज्ञान बिंदु' के डायरेक्टर के भाई प्रिंस यादव का हाथ था। पुलिस ने उन पर नामजद एफआईआर दर्ज की।बिहार पुलिस की स्पेशल टीमें जब प्रिंस को दबोचने के लिए छापेमारी कर रही थीं, तब वह कानूनी शिकंजे से बचने के लिए अपने दोस्तों के साथ नेपाल भाग निकले और वहीं ठिकाना बना लिया।
दो देशों की पुलिस अलर्ट, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
भाई की मौत की खबर मिलते ही ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद सर और उनके परिजन रोते-बिलखते नेपाल के विराटनगर पहुंच चुके हैं। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए विराटनगर के स्थानीय अस्पताल भेजा गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बिहार पुलिस की एक टीम भी नेपाल पुलिस के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है ताकि इस हाई-प्रोफाइल मौत के पीछे की असली साजिश का पर्दाफाश हो सके।