बिहार: किशनगंज में मिला दुर्लभ जीव पैंगोलिन, इलाके में मचा हड़कंप

पथरिया पंचायत अंतर्गत पथरिया वार्ड संख्या-5 में बुधवार की देर रात एक दुर्लभ एवं विलुप्तप्राय वन्यजीव पेंगोलिन मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। रात करीब दो बजे योगी महतो के घर में अचानक इस अनोखे जीव के दिखाई देने पर परिवार के लोग घबरा गए। पहले तो किसी को समझ में नहीं आया कि यह कौन-सा जीव है। लेकिन बाद में ग्रामीणों ने इसकी पहचान पेंगोलिन के रूप में की।

बिहार: किशनगंज में मिला दुर्लभ जीव पैंगोलिन, इलाके में मचा हड़कंप

किशनगंज: गलगलिया थाना क्षेत्र के पथरिया पंचायत अंतर्गत पथरिया वार्ड संख्या-5 में बुधवार की देर रात एक दुर्लभ एवं विलुप्तप्राय वन्यजीव पेंगोलिन मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। रात करीब दो बजे योगी महतो के घर में अचानक इस अनोखे जीव के दिखाई देने पर परिवार के लोग घबरा गए। पहले तो किसी को समझ में नहीं आया कि यह कौन-सा जीव है। लेकिन बाद में ग्रामीणों ने इसकी पहचान पेंगोलिन के रूप में की।

दुर्लभ जीव को देखने के लिए जमा हो गई भीड़ 
जानकारी के अनुसार घर में हलचल और शोर-शराबे की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और सभी इस दुर्लभ जीव को देखने के लिए उत्सुक नजर आए। परिजनों ने समझदारी दिखाते हुए पेंगोलिन को किसी प्रकार की क्षति पहुंचाए बिना मच्छरदानी से ढंककर सुरक्षित रखा। ताकि वह इधर-उधर न भाग सके और उसे कोई नुकसान भी न पहुंचे।

 वन विभाग को दी सूचना
गुरुवार सुबह इसकी सूचना पथरिया पंचायत के मुखिया अजय सिंह को दी गई। सूचना मिलते ही मुखिया ने मामले की जानकारी वन विभाग को दी। सूचना के आधार पर वनरक्षी मुकेश कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए पेंगोलिन को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित रूप से ठाकुरगंज वन विभाग परिसर पहुंचाया।
वनरक्षी मुकेश कुमार ने बताया कि बरामद पेंगोलिन पूरी तरह सुरक्षित है। प्राथमिक जांच के बाद उसे बेहतर संरक्षण और देखभाल के लिए अररिया स्थित उद्यान केंद्र भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि पेंगोलिन एक अत्यंत दुर्लभ और विलुप्तप्राय प्रजाति का वन्यजीव है जिसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विशेष सुरक्षा की व्यवस्था है।