भागलपुर: ससुराल में दामाद को 3 दिनों तक बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने कराया मुक्त
नवगछिया थाना क्षेत्र के चंद नगर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहाँ अपने बच्चे की छठी के कार्यक्रम में आए एक दामाद को ससुराल वालों ने तीन दिनों तक कमरे में बंधक बनाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर युवक को लहूलुहान हालत में मुक्त कराया।
भागलपुर (नवगछिया): नवगछिया थाना क्षेत्र के चंद नगर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहाँ अपने बच्चे की छठी के कार्यक्रम में आए एक दामाद को ससुराल वालों ने तीन दिनों तक कमरे में बंधक बनाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर युवक को लहूलुहान हालत में मुक्त कराया।
क्या है पूरा विवाद?
जानकारी के मुताबिक सहरसा जिले के मुबारकपुर निवासी केसर आलम (25 वर्ष), जो पटना में मजदूरी करता है। पटना में केसर के साथ उसका छोटा साला भी काम सीख रहा था। साले ने केसर के दोस्तों के पैसे चोरी किए, जिसपर केसर ने उसकी डांट-फटकार और पिटाई कर दी थी। इसी बात से नाराज होकर साले के परिवार ने बदला लेने की साजिश रची। जब केसर अपने बच्चे की छठी में चंद नगर आया, तो उसे बंधक बना लिया गया। पीड़ित की पत्नी रुखसाना खातून ने रोते हुए बताया कि उन्होंने अपने पति को बचाने का बहुत प्रयास किया, लेकिन उनके सगे भाइयों और मायके वालों ने एक न सुनी।
वीडियो वायरल होने पर खुली पोल, 7 पर एफआईआर
ससुराल वालों ने बर्बरता का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। जब यह वीडियो सहरसा में पीड़ित के परिजनों तक पहुँचा, तो उन्होंने तुरंत नवगछिया पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर गंभीर रूप से घायल केसर को छुड़ाया और अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पत्नी के भाइयों समेत 7 लोगों निहाल, कुर्बान, चंद, सूरज, जुली, हाफिज और समा खातून के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की गई है।
नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने बताया कि लिखित आवेदन मिल चुका है और वायरल वीडियो को साक्ष्य बनाया गया है। सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।