पूर्णिया में विवाहिता की संदिग्ध मौत: फोन पर पति से विवाद के कुछ ही देर बाद फंदे से लटका मिला शव

पूर्णिया में विवाहिता की संदिग्ध मौत: फोन पर पति से विवाद के कुछ ही देर बाद फंदे से लटका मिला शव

पूर्णिया:  जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के बघवा बालूचक गांव में सोमवार को 24 वर्षीय एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव उसके घर के एक कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मीरगंज थाना पुलिस के साथ-साथ फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फोन पर विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम!
मृतका की पहचान बघवा बालूचक निवासी सोनू कुमार मुनि की पत्नी फूल कुमारी के रूप में हुई है। सोनू पिछले करीब दो महीने से पंजाब में मजदूरी कर रहा है। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह पति-पत्नी के बीच मोबाइल फोन पर किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। इस विवाद के कुछ ही देर बाद फूल कुमारी का शव फंदे से लटका मिला। हालांकि, दोनों के बीच किस बात को लेकर झगड़ा हुआ था, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।
ससुर ने ग्रामीणों की मदद से तोड़ा दरवाजा
मृतका के ससुर नारायण मुनि ने बताया कि वह सुबह भैंस चराने गए थे। दोपहर में जब वे घर लौटे तो बहू के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उन्होंने ग्रामीणों की मदद से दरवाजा तोड़ा। अंदर फूल कुमारी फंदे से लटकी हुई थी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। फूल कुमारी की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी और उनका एक तीन वर्षीय पुत्र भी है। घटना के समय घर में केवल मृतका के ससुर और ननद मौजूद थे, जबकि पति और सास पंजाब में थे।
मायके पक्ष ने जताया हत्या का अंदेशा
दूसरी तरफ, मृतका की मां कंचन देवी (निवासी निपानिया मारकंडे टोला, सरसी) ने ससुराल वालों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मां ने पति पर मानसिक उत्पीड़न, आत्महत्या के लिए उकसाने और हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी स्तर पर तफ्तीश कर रही है। FSL टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। टेक्निकल सेल की मदद से मृतका और उसके पति के बीच हुई आखिरी फोन कॉल और कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है।मौत की सही वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
इस संबंध में डीएसपी संदीप गोल्डी ने कहा:
"मामले की हर पहलू से गहराई से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक और टेक्निकल सेल की मदद ली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।"