पूर्णिया GMCH में गुंडागर्दी: छेड़खानी की कवरेज करने गए पत्रकारों पर मेडिकल छात्रों का हमला, दो घायल; पुलिस जांच में जुटी
पूर्णिया के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (GMCH) परिसर शनिवार को अखाड़ा बन गया। अस्पताल में महिला से छेड़खानी की खबर की कवरेज करने पहुंचे मीडियाकर्मियों पर मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने अचानक हमला कर दिया।
पूर्णिया:पूर्णिया के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (GMCH) परिसर शनिवार को अखाड़ा बन गया। अस्पताल में महिला से छेड़खानी की खबर की कवरेज करने पहुंचे मीडियाकर्मियों पर मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने अचानक हमला कर दिया। इस मारपीट और धक्का-मुक्की में दो पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
क्या है मामला?
GMCH के SNCU वार्ड के पास एक युवक ने महिला के साथ छेड़खानी की कोशिश की। महिला किसी तरह अपनी जान बचाकर वार्ड के भीतर भागी और शोर मचाया। महिला की आवाज सुनकर इकट्ठा हुए स्वास्थ्यकर्मियों और मरीजों के परिजनों ने आरोपी युवक को रंगे हाथ पकड़कर GMCH के कंट्रोल रूम में पहुंचा दिया। कंट्रोल रूम में स्थानीय कर्मचारी जब युवक से पूछताछ कर रहे थे, तभी तीन मीडिया संस्थानों के पत्रकार वहां पहुंचकर वीडियो बनाने और कवरेज करने लगे।
मीडिया कवरेज से आग बबूला हुए छात्र
वीडियो बनता देख मेडिकल कॉलेज के दो छात्र भड़क गए और पत्रकारों से उलझ पड़े। इसके बाद उन्होंने फोन करके 20 से 25 अन्य छात्रों को बुला लिया। छात्रों के गिरोह ने तीनों पत्रकारों को चारों तरफ से घेर लिया और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट व धक्का-मुक्की की, जिसमें दो मीडियाकर्मी घायल हो गए।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पाराशर भारी पुलिस बल के साथ तुरंत अस्पताल परिसर पहुंचे और मामला शांत कराया। पुलिस की टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।