डीजे पर गाने को लेकर विवाद: गुस्से में चालक ने बारात पर चढ़ाया वाहन, 22 वर्षीय युवक की मौत, कई घायल

एक बारात के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट से आक्रोशित होकर डीजे चालक ने अपना वाहन वहां मौजूद लोगों की भीड़ पर चढ़ा दिया। इस खौफनाक कदम की वजह से बारात और वधू पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक 22 वर्षीय युवक की जान चली गई।

डीजे पर गाने को लेकर विवाद: गुस्से में चालक ने बारात पर चढ़ाया वाहन, 22 वर्षीय युवक की मौत, कई घायल

फारबिसगंज (अररिया): फारबिसगंज के भागकोहलिया चौक पर बुधवार की रात एक बारात के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट से आक्रोशित होकर डीजे चालक ने अपना वाहन वहां मौजूद लोगों की भीड़ पर चढ़ा दिया। इस खौफनाक कदम की वजह से बारात और वधू पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक 22 वर्षीय युवक की जान चली गई।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
जानकारी के अनुसार, फारबिसगंज के गोढ़ियारी चौक निवासी राजकुमार राय की पुत्री की शादी सुपौल जिले के सिमराही बाजार (राघोपुर प्रखंड) के रहने वाले विकास कुमार के साथ तय हुई थी। बुधवार देर रात जब बारात फारबिसगंज पहुंची, तो दरवाजा लगने की रस्म से पहले गोढ़ियारी चौक के पास डीजे पर गाना बजाने को लेकर कुछ लोगों की डीजे चालक बौका उर्फ सुनील मंडल से बहस हो गई।
यह बहस इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इस पिटाई से गुस्साए डीजे चालक सुनील मंडल ने आपा खो दिया और उसने अपने वाहन को तेज रफ्तार में दौड़ाते हुए नाच-गा रहे बारातियों और स्थानीय लोगों के समूह पर सीधे चढ़ा दिया।
एक की मौत, कई अस्पताल में भर्ती
वाहन की टक्कर लगते ही शादी के माहौल में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज पहुंचाया। घायलों में से एक 22 वर्षीय युवक, मिठ्ठू कुमार राय (पुत्र अनिल राय, निवासी गोढ़ियारी) की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।अन्य घायलों में सुशांत राय (पुत्र रंजीत राय, गोढ़ियारी),सुमन कुमार (पुत्र दिलीप राय, गोढ़ियारी),बबलू मंडल (चालक का भाई, निवासी भागकोहलिया) और बारात पक्ष के 3-4 अन्य लोग शामिल हैं।
आरोपी चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
दिलदहला देने वाली इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी डीजे चालक सुनील मंडल मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।