क्या डायबिटीज को रिवर्स करना मुमकिन है? जानिए बिना दवा शुगर कंट्रोल करने के 8 अचूक तरीके
मधुमेह (Diabetes) के पारंपरिक इलाज में आमतौर पर दवाओं के जरिए ब्लड शुगर को नियंत्रित किया जाता है ताकि भविष्य में होने वाली जटिलताओं (जैसे किडनी या नसों की बीमारी) को रोका जा सके। लेकिन हालिया रिसर्च बताती हैं कि अनुशासित दिनचर्या से इसे रिवर्स भी किया जा सकता है।
Diabetes Reversal: मधुमेह (Diabetes) के पारंपरिक इलाज में आमतौर पर दवाओं के जरिए ब्लड शुगर को नियंत्रित किया जाता है ताकि भविष्य में होने वाली जटिलताओं (जैसे किडनी या नसों की बीमारी) को रोका जा सके। लेकिन हालिया रिसर्च बताती हैं कि अनुशासित दिनचर्या से इसे रिवर्स भी किया जा सकता है।अगर आप भी दवाओं से मुक्ति पाना चाहते हैं, तो इन 8 बदलावों को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाएं।
सिंपल कार्ब्स और जंक फूड से तौबा
मीठी चीजें, मैदा, सफेद ब्रेड, चावल, पास्ता, आलू और रिफाइंड फूड्स में 'सिंपल कार्बोहाइड्रेट्स' (स्टार्च) बहुत ज्यादा होता है। ये पेट में जाते ही तुरंत ग्लूकोज में बदल जाते हैं और खून में शुगर का स्तर अचानक बढ़ा देते हैं। इनसे पूरी तरह दूरी बना लें।
डाइट में प्रोटीन की मात्रा बढ़ाएं
जब आप वजन और शुगर कम करने के लिए कैलोरी घटाते हैं, तो शरीर में कमजोरी आ सकती है। इससे बचने के लिए अपनी डाइट में प्रोटीन से भरपूर चीजें जैसे—अंडा, पनीर, अंकुरित अनाज (Sprouts), दालें, नट्स और टोफू शामिल करें। यह आपको ऊर्जा देगा और बार-बार भूख लगने की समस्या को रोकेगा।
कैलोरी काउंट कम करें (Calorie Restriction)
एक वैज्ञानिक अध्ययन के अनुसार, अगर डायबिटीज के मरीज लगातार 8 हफ्तों तक प्रतिदिन केवल 750 से 800 कैलोरी वाली डाइट लेते हैं, तो इससे रिवर्सल में बहुत मदद मिलती है। कम कैलोरी लेने से पैनक्रियाज (अग्न्याशय) और लिवर के आसपास जमा जिद्दी फैट घटने लगता है, जिससे इंसुलिन सही से काम करने लगता है।
हर रोज 10,000 कदम और एक्टिव लाइफस्टाइल
दवाओं के साथ-साथ यदि आप शारीरिक रूप से एक्टिव रहते हैं, तो बीमारी का असर आधा हो जाता है। रोज कम से कम 10,000 कदम पैदल चलें या ऐसा व्यायाम करें जिससे रोजाना 500 से 700 कैलोरी बर्न हो। इससे शरीर की इंसुलिन सेंसिटिविटी सुधरती है।
इंटरमिटेंट फास्टिंग या उपवास
रिसर्च में देखा गया है कि हफ्ते में दो दिन उपवास (Fasting) रखने और उस दौरान बेहद सीमित भोजन (500-600 कैलोरी) लेने से शुगर तेजी से नियंत्रित होती है। हालांकि, फास्टिंग शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें ताकि हाइपोग्लाइसीमिया (शुगर बहुत कम होना) का खतरा न रहे।
केवल 'लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स' वाले फल और सब्जियां
ऐसे फल-सब्जियां खाएं जिनका ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) कम हो, क्योंकि ये खून में शुगर धीरे-धीरे रिलीज करते हैं। अपनी डाइट में सेब, स्ट्रॉबेरी, आडू, नाशपाती, कीवी, टमाटर, खीरा और ककड़ी शामिल करें। ये न सिर्फ शुगर रोकते हैं, बल्कि दिल की बीमारी और स्ट्रोक के खतरे को भी कम करते हैं। ज्यादा मीठे फलों (जैसे आम, चीकू, केला) से बचें।
फैटी और प्रोसेस्ड फूड्स से दूरी
पिज्जा, बर्गर, डोनट्स और फ्रेंच फ्राइज जैसी चीजों में खराब फैट के साथ-साथ सिंपल कार्ब्स का जानलेवा कॉम्बिनेशन होता है। इसकी जगह अपनी डाइट में ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर चीजें (जैसे अखरोट, अलसी के बीज या चिया सीड्स) शामिल करें, जो सूजन कम करती हैं।
बेली फैट (पेट की चर्बी) को नियंत्रित रखें
मोटापा, खासकर पेट के आसपास जमा चर्बी (Belley Fat), इंसुलिन के रास्ते में सबसे बड़ा रोड़ा है। जब पेट पर फैट बढ़ता है, तो शरीर इंसुलिन का सही इस्तेमाल नहीं कर पाता और ग्लूकोज खून में ही घूमता रहता है, जो हाई ब्लड शुगर का कारण बनता है। वजन घटाकर आप सीधे तौर पर इंसुलिन की कार्यक्षमता बढ़ा सकते हैं।
महत्वपूर्ण चेतावनी (Disclaimer): डायबिटीज रिवर्सल एक क्रमिक और वैज्ञानिक प्रक्रिया है। अपनी मर्जी से कोई भी दवा बंद न करें और न ही अचानक अत्यधिक सख्त डाइट प्लान अपनाएं। कोई भी नया नुस्खा, उपवास या वैकल्पिक चिकित्सा शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर या क्वालिफाइड डाइटिशियन से परामर्श जरूर लें।