बिहार में सनसनीखेज खुलासा: जनसाधारण एक्सप्रेस में हुए विद्युतकर्मी हत्याकांड का कटिहार रेल पुलिस ने किया पर्दाफाश, MVI पत्नी, प्रेमी और शूटर गिरफ्तार।
सोनम रघुवंशी और सिया कांड जैसे मामलों ने पहले ही देश को हिला कर रख दिया था, और अब कुछ ऐसा ही खौफनाक मामला बिहार से सामने आया है। जहां एक उच्च पद पर बैठी सरकारी अफसर पत्नी ने अपने ही पति को रास्ते से हटाने के लिए चलती ट्रेन में मौत का खेल खेलवा दिया।
कटिहार: कहते हैं कि प्यार अंधा होता है, लेकिन जब यह अंधापन अपराध की सारी हदें पार कर जाए तो रूह कंपा देने वाली कहानियां सामने आती हैं। सोनम रघुवंशी और सिया कांड जैसे मामलों ने पहले ही देश को हिला कर रख दिया था, और अब कुछ ऐसा ही खौफनाक मामला बिहार से सामने आया है। जहां एक उच्च पद पर बैठी सरकारी अफसर पत्नी ने अपने ही पति को रास्ते से हटाने के लिए चलती ट्रेन में मौत का खेल खेलवा दिया।
बीती 11 जून को जनसाधारण एक्सप्रेस में हुई विद्युतकर्मी देव गुंजर कुमार की हत्या का कटिहार रेल पुलिस ने बुधवार (15 जुलाई, 2026) को ऐसा खुलासा किया, जिसने सबको हैरान कर दिया है।
'वो' समिता से मिलने आ रहा था, समिता उसकी मौत का इंतजार कर रही थी
जमुई में विद्युतकर्मी के पद पर तैनात देव गुंजन कुमार को क्या पता था कि वह जिस पत्नी से मिलने की तड़प लेकर सफर कर रहा है, वही उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। 11 जून को देव गुंजन अपनी पत्नी समिता से मिलने सुपौल जा रहे थे, जो वहां एमवीआई (MVI - मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर) के रसूखदार पद पर तैनात है।
जब ट्रेन मानसी रेल थाना क्षेत्र के बदलाघाट के समीप पहुंची, तभी अचानक अज्ञात हमलावरों ने देव गुंजन को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। लहूलुहान देव गुंजन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
'त्रिकोण' का वो कांटा, जिसे रास्ते से हटाना था
घटना के बाद बरौनी रेल अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। पुलिस जब कड़ियों को जोड़ते हुए आगे बढ़ी, तो शक की सुई सीधे MVI पत्नी समिता पर जाकर टिकी। जब कॉल डिटेल्स और साजिश की परतें खुलीं, तो खाकी भी हैरान रह गई।
जांच में साफ हुआ कि इस मर्डर की मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि खुद समिता थी। समिता का दिल अपने ही पति के विभाग के एक अन्य विद्युतकर्मी अजीत कुमार पर आ गया था। अजीत जहानाबाद के घोषी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। समिता और अजीत के बीच देव गुंजन 'कबाब में हड्डी' बन रहा था।
प्रेमी अजीत का कबूलनामा
"हमारे प्यार के बीच देव गुंजन बाधा बन रहा था। इसलिए मैंने और समिता ने मिलकर उसे हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और शूटर को सुपारी दे दी।"
जहानाबाद से बुना गया मौत का ताना-बाना
इस पूरी वारदात का कनेक्शन जहानाबाद से जुड़ा है। पत्नी समिता, उसका प्रेमी अजीत और इस हत्याकांड को अंजाम देने वाला सुपारी किलर (शूटर) राजू कुमार उर्फ धीरज, तीनों ही जहानाबाद के रहने वाले हैं। समिता के इशारे पर ही शूटर राजू को देव गुंजन की लोकेशन दी गई और चलती ट्रेन में उसे गोली मार दी गई।
कानून का शिकंजा
कटिहार रेल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस त्रिकोणीय प्रेम कहानी और मर्डर मिस्ट्री का अंत कर दिया है। पुलिस ने आरोपी पत्नी (MVI समिता), उसके प्रेमी अजीत कुमार और भाड़े के शूटर राजू कुमार उर्फ धीरज को सलाखों के पीछे भेज दिया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले के खुलासे के बाद से पूरे इलाके और प्रशासनिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं गर्म हैं।