सुपौल में दिलदहलाने वाली वारदात,7 साल की बच्ची की कुदाल से काटकर हत्या, आक्रोशित भीड़ ने आरोपी का घर फूंका
सुपौल: बिहार के सुपौल जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सात वर्षीय मासूम बच्ची की कुदाल से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना से भड़के ग्रामीणों ने आरोपी के घर को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को जलते घर से सुरक्षित बाहर निकाला और गिरफ्तार कर लिया है।
दूध लेकर लौट रही थी मासूम, पीछे से हुआ हमला
यह दर्दनाक वाकया सदर थाना क्षेत्र के परसरमा (वार्ड नंबर 8) में गुरुवार की देर शाम पेश आया। जानकारी के मुताबिक, गांव के रहने वाले शंभू शाह अपनी 7 साल की बेटी प्रीति कुमारी के साथ गांव से ही दूध लेकर घर लौट रहे थे। रास्ते में शंभू शाह आगे चल रहे थे और मासूम प्रीति उनके पीछे-पीछे आ रही थी। इसी दौरान पड़ोस में ही रहने वाले राजू शाह नाम के युवक ने अचानक प्रीति पर कुदाल से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमला इतना भयानक था कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद आरोपी ने खुद को घर में किया बंद, भीड़ ने लगाई आग
निर्मम हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी राजू शाह भागकर अपने घर में छिप गया और खुद को अंदर बंद कर लिया। बच्ची की मौत की खबर फैलते ही सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ वहां जुट गई। आक्रोशित लोगों ने आरोपी के घर को घेर लिया और बाहर से उसमें आग लगा दी।
भारी पुलिस बल ने संभाला मोर्चा, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ (SDPO) राजीव रंजन कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जलते हुए घर के बीच से पुलिस ने किसी तरह आरोपी राजू शाह को सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों ने उग्र भीड़ को समझा-बुझाकर बमुश्किल शांत कराया।
हत्या की वजह साफ नहीं, FSL टीम करेगी जांच
इस भयावह घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने इस खौफनाक कदम को क्यों उठाया, इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
अधिकारियों का बयान: सदर एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की बारीकी से जांच के लिए फॉरेंसिक (FSL) टीम को भी बुलाया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।