पूर्णिया में परमान नदी पर पुल ध्वस्त, बालू लदा ट्रक नदी में समाया; दर्जनों गांवों का संपर्क टूटा

जिले के अमौर प्रखंड की तियरपाड़ा पंचायत स्थित असियानी गांव में बकरा (परमान) नदी पर बना सोनापुर पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया। घटना के वक्त पुल से बालू से खचाखच लदा एक भारी ट्रक गुजर रहा था, जो पुल टूटने के साथ ही सीधे नदी में जा गिरा।

पूर्णिया में परमान नदी पर पुल ध्वस्त, बालू लदा ट्रक नदी में समाया; दर्जनों गांवों का संपर्क टूटा

पूर्णिया:बिहार में बाढ़ के कहर के बीच पूर्णिया जिले से एक बड़ा हादसा सामने आया है। जिले के अमौर प्रखंड की तियरपाड़ा पंचायत स्थित असियानी गांव में बकरा (परमान) नदी पर बना सोनापुर पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया। घटना के वक्त पुल से बालू से खचाखच लदा एक भारी ट्रक गुजर रहा था, जो पुल टूटने के साथ ही सीधे नदी में जा गिरा।
बाल-बाल बचा चालक, आवाजाही ठप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोहे का पुराना ढांचा अत्यधिक वजन नहीं सह सका और तेज आवाज के साथ नदी में समा गया। ट्रक के नदी में गिरते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए छलांग लगा दी और तैरकर अपनी जान बचाई।हादसे के बाद जलालगढ़-अमौर संपर्क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई है।

असियानी घाट का यह प्रमुख मार्ग बंद होने से दोनों तरफ के दर्जनों गांवों का संपर्क कट गया है। फिलहाल दुर्घटनाग्रस्त ट्रक पूरी तरह पानी में डूब चुका है। स्थानीय प्रशासन स्थिति का जायजा लेने और क्षेत्र में आवागमन के वैकल्पिक इंतजामों में जुट गया है।